मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ईद पर मुस्लिम बहनों को भेंट की सौगात


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समाज की जरूरतमंद बहनों को गिफ्ट पैकेट भेंट कर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है।
इस कार्यक्रम के तहत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल “सौगात-ए-मोदी” के अंतर्गत मुख्यमंत्री साय ने गरीब महिलाओं को विशेष गिफ्ट पैकेट वितरित किए, जिसमें लेडीज सूट का कपड़ा, सेवइयां, खजूर और मिठाइयां शामिल थीं।
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड और अल्पसंख्यक मोर्चा के तत्वावधान में इससे पहले रायपुर में 500 से अधिक महिलाओं को गिफ्ट पैकेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद मुस्लिम बहनों को त्योहार की खुशियों में शामिल करना था।
इस विशेष कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद, एम. इकबाल, संजय श्रीवास्तव, शाहिद खान, रजिया खान और आबिदा खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों ने सराहा, जिससे सामाजिक सौहार्द और समरसता का मजबूत संदेश गया।