जशपुर की जनजातीय विरासत पर आधारित “धरोहर” पत्रिका का विमोचन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में जशपुर जिले की जनजातीय संस्कृति पर आधारित “धरोहर” पत्रिका के पहले संस्करण का विमोचन किया। उन्होंने इस पहल को एक प्रेरणादायक कदम बताया, जो नई पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “धरोहर” पत्रिका न केवल जनजातीय अस्मिता को संजोने का माध्यम है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विविधता को भी उजागर करती है। उन्होंने इस प्रयास के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इससे जशपुर की समृद्ध परंपराएं भावी पीढ़ियों तक सुरक्षित रूप से पहुंचेंगी।

इस पत्रिका का प्रकाशन जिला प्रशासन जशपुर द्वारा किया गया है। इसका उद्देश्य जिले की विभिन्न जनजातियों की पारंपरिक पहचान, संस्कृति, लोक परंपराएं, तीज-त्योहार, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, गीत-संगीत और सामाजिक विरासत को दस्तावेज के रूप में सहेजना है। यह विशेष अंक जनजातीय समाज की विविधताओं और जीवनशैली को सम्मान और गौरव के साथ प्रस्तुत करता है।

विमोचन कार्यक्रम में विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुख, प्रशासनिक अधिकारी और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। यह आयोजन जनजातीय समुदाय के योगदान को मान्यता देने और उनकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *