नवंबर के आखिरी दिनों में बढ़ेगी ठंड, उत्तर छत्तीसगढ़ में गिरेगा रात का तापमान

रायपुर। नवंबर के अंत में मौसम में बदलाव का दौर जारी है. सुबह और रात को ठंड का अहसास हो रहा है. किसी इलाके में घना कोहरा छा रहा है. वहीं दिन के वक्त के गर्मी भी महसूस हो रही है. तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड का असर तेज होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में रात के दौरान ठिठुरन बढ़ने के संकेत दिए हैं. करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर सकता है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ड्राय रहा. किसी भी इलाके में बारिश की गतिविधि नहीं रही. इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सुकमा में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

सरगुजा जिले में एक-दो जगह बुधवार को सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस दौरान सड़कों पर विजिबिलिटि कम हो सकती है. वाहन चालकों को संभलकर चलने की चेतावनी दी गई है.

उत्तरी इलाकों में बढ़ेगा ठंड का असर

राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है. इसके बाद रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है. 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास पहुंचने का अनुमान है.

प्रदेश के सभी हिस्सों में ठंड का असर एक जैसा नहीं रहेगा. उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है, जबकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग ने बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है और न ही किसी तरह की चेतावनी जारी की है. अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *