-दो दिवसीय आयोजन में रामायण पाठ, संत-महात्माओं के प्रवचन, हवन, सत्संग और भंडारा; श्रद्धा और उत्साह के साथ मनेगा महोत्सव
भीलवाड़ा। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा में परम पूजनीय श्री 108 बाबा शेवाराम साहेब उदासीन जी का 110वां वार्षिक मंगलमय प्राकट्य महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव 26 अक्टूबर 2026 सोमवार को मनाया जाएगा। इसके तहत 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में संत-महात्माओं के प्रवचन, सत्संग, श्रीरामायण पाठ, हवन, पूजन, आरती, नाम-स्मरण और भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। आश्रम में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।

25 अक्टूबर को होंगे धार्मिक आयोजन
रविवार, 25 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे श्रीरामायण पाठ का प्रारम्भ होगा। नगर की विभिन्न बस्तियों में प्रसाद (अन्न क्षेत्र) वितरित किया जाएगा। इसके बाद शाम को श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ प्रारम्भ होगा, संत-महात्माओं के प्रवचन, सत्संग, आरती और अरदास के कार्यक्रम होंगे। शाम 5 बजे नितनेम, आरती, सत्संग, प्रवचन और अरदास होगी।
26 अक्टूबर को मुख्य महोत्सव
सोमवार, 26 अक्टूबर को सुबह 5 से 6 बजे तक समाधि साहिब पर नाम-स्मरण एवं मौन का कार्यक्रम होगा। सुबह 8 बजे ध्वजारोहण, हवन और पूजन-वंदन किया जाएगा। सुबह 11 बजे श्रीरामायण पाठ का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद संत-महात्माओं के सत्संग, प्रवचन और बाबा जी के 110वें प्राकट्य उत्सव के उपलक्ष्य में लड्डू महाप्रसाद का भोग अर्पित किया जाएगा। दोपहर में संत-महात्माओं, ब्राह्मण व श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन होगा, वहीं अन्नपूर्णा रथ के माध्यम से नगर की विभिन्न बस्तियों में प्रसाद (अन्न क्षेत्र) वितरित किया जाएगा। सायंकालीन सत्र में संत-महात्माओं के सत्संग, प्रवचन, आरती और अरदास के बाद समाधि साहिब पर चादरें चढ़ाई जाएंगी। इसके पश्चात उत्सव का समापन होगा। कार्यक्रम में सभी के मंगलमय जीवन और विश्व शांति की कामना की जाएगी। आश्रम के संत गोविन्दराम की ओर से श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर संत-महात्माओं के दर्शन, प्रवचन और सेवा-सुमिरन का लाभ लेने की अपील की गई है।



















