सावन में स्टंटबाजी पड़ी महंगी, वायरल वीडियो ने पहुंचाया सलाखों तक, पुलिस ने सात बाइक की जब्त

कोरबा। सावन के दौरान कनकी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को परेशान करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। सड़क पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर से शोर मचाने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सात बाइक जब्त कर ली।

श्रद्धालुओं के रास्ते में कर रहे थे हुड़दंग

जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के तरदा गांव के पास कुछ युवक सड़क पर बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहे थे। तेज रफ्तार में बाइक चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालने के कारण कनकी धाम जा रहे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए सभी युवकों को पकड़ लिया। उनसे हाथ जोड़कर माफी मंगवाई गई और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने का लिखित और मौखिक आश्वासन भी लिया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो डालना पड़ा भारी

बताया गया कि सभी युवक कोरबा शहर के रहने वाले हैं। स्टंट करते समय उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की और कार्रवाई की।

वीडियो में युवक सड़क पर बाइक दौड़ाते और रास्ता बाधित करते दिखाई दिए, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में दिक्कत हो रही थी।

नाबालिग भी शामिल, सात बाइक जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात बाइक जब्त कीं। पकड़े गए युवकों में कुछ नाबालिग भी शामिल थे। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। नाबालिगों को समझाइश देकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि अन्य आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जमानत नहीं मिलने पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा से समझौता नहीं

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि सावन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कनकी धाम पहुंचते हैं। ऐसे समय में सड़क पर स्टंट करना, हुड़दंग मचाना या लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी या समूह बनाकर हुड़दंग नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *