बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नशीली दवाइयों की तस्करी और गांजा सप्लाई से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
नदी किनारे दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अरपा बैराज और पचरी घाट नदी किनारे दबिश देकर विनोद साहू और विशाल कुमार बुनकर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 50 नाइट्राजेपाम टैबलेट और 23 ओनेरेक्स कफ सिरप बरामद किए गए।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त की गई नशीली दवाइयां कहां से लाई गई थीं और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की भी होगी जांच
जांच एजेंसियां इस अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
20 किलो गांजा तस्करी का मुख्य सप्लायर भी गिरफ्तार
नशीली दवाइयों की कार्रवाई के साथ ही पुलिस को गांजा तस्करी के मामले में भी बड़ी कामयाबी मिली है। 20 किलो गांजा तस्करी प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य सप्लायर अजीत थनापति को उसके गृह राज्य ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है।
विशेष टीम ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ने के बाद बिलासपुर लाया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही 20 किलो गांजे के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलेंगे। अब जांच का फोकस पूरे सप्लाई चेन, सहयोगियों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।



















