कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। यह खौफनाक घटना ग्राम ऊपरतोनका में हुई, जहां पत्नी के खेत में आराम करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पति को इतना गुस्सा आया कि उसने खेत में ही पैरा डालकर अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया।
जानकारी के अनुसार, छेरकू राम और उसकी पत्नी चैती बाई खेत में काम करने गए थे। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते हुए इतना हिंसक हो गया कि छेरकू ने अपनी पत्नी को 2-3 थप्पड़ मारे और वह गिर गई। इसके बाद छेरकू ने धान का पैरा लिया और उसे अपनी पत्नी के ऊपर डालकर माचिस से आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय महिला जीवित थी।
घटना के बाद आरोपी पति ने इस बारे में अपने दामाद संतुराम गोठा को जानकारी दी। जब वह और अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने आम के पेड़ के नीचे पत्नी की जली हुई लाश देखी। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोरर थाना पुलिस ने आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज किया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।