केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन प्रस्ताव को दी मंजूरी, लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने की तैयारी

नई दिल्ली। केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की कुल सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की योजना है। साथ ही राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को अगले 25 साल यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रावधान भी प्रस्तावित है।

इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक दलों के बीच चर्चाएं तेज हो गई है। कुछ दलों ने प्रस्ताव का समर्थन किया है, जबकि विपक्ष के कई नेताओं ने इसके संभावित प्रभावों पर सवाल उठाए है।

राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने किया परिसीमन का समर्थन

बिहार के जहानाबाद से राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन के प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही विकास कार्यों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का दायरा भी विस्तृत हुआ है।

उनका मानना है कि बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए परिसीमन जरूरी है। इससे जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सकेगा तथा विकास कार्यों को भी गति मिल सकती है।

AAP ने जताया विरोध, दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने परिसीमन विधेयक को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने DMK से कहा कि यदि पार्टी इस प्रस्ताव का समर्थन करती है तो यह बड़ी राजनीतिक भूल होगी।

संजय सिंह ने आशंका जताई कि परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों की तुलना में दक्षिण भारत के राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है। उन्होंने इस प्रस्ताव को बीजेपी को चुनावी फायदा पहुंचाने वाला कदम बताते हुए इसकी आलोचना की।

बीजेपी सांसदों को जारी होगा तीन लाइन का व्हिप

विशेष सत्र को देखते हुए बीजेपी अपने लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करने की तैयारी में है। इसके तहत सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए जा सकते है।

शिवसेना ने भी अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। यह निर्देश संसद के विशेष सत्र और उसमें परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पर संभावित चर्चा को ध्यान में रखकर दिया गया है।

सार्थक चर्चा में हिस्सा लें सभी सांसद: किरेन रिजिजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी दलों के सांसदों से विशेष सत्र के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार के फैसलों से सहमत होना या उनका विरोध करना सांसदों का अधिकार है, लेकिन सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलना भी उनकी जिम्मेदारी है।

रिजिजू ने कहा कि संसद राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा और विचार-विमर्श का मंच है। इसलिए सांसदों को गैरजरूरी बयानबाजी से बचते हुए विधेयकों और अन्य विषयों पर सदन के भीतर अपनी राय रखनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि सरकार विशेष सत्र में एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है, जिसे 2 या 3 दिसंबर को सदन में लाए जाने की संभावना है। हालांकि, विधेयक और अन्य कामकाज का विस्तृत ब्योरा बाद में साझा किया जाएगा।

विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण पर रहेगी नजर

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब संसद के विशेष सत्र में प्रस्तावित विधेयक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है। परिसीमन के जरिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने और महिला आरक्षण से जुड़े प्रावधानों पर सरकार तथा विपक्ष के बीच चर्चा होने की संभावना है। विधेयक का वास्तविक स्वरूप और उसके प्रावधान संसद में पेश होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *