रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर में 100 बिस्तरों वाले स्वर्गीय जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ‘सेवांकुर भारत: एक सप्ताह देश के नाम’ कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया और आदिवासी क्षेत्रों में किए जा रहे सेवाभावपूर्ण कार्यों की सराहना की।
एनटीपीसी लारा के महाप्रबंधक रविशंकर ने इस अस्पताल के निर्माण के लिए 35 करोड़ 53 लाख रुपये का चेक कलेक्टर रोहित व्यास को सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल हमारी सरकार की जनजातीय क्षेत्रों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें 15 ओपीडी, 4 आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन, डायलिसिस, एमआरआई और अन्य सेवाएं होंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस बार के बजट में जशपुर में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, पीएम जनमन योजना, और तेंदूपत्ता के मूल्यवृद्धि जैसे निर्णय हमारी सरकार की संवेदनशीलता दर्शाते हैं।
‘सेवांकुर भारत’ संस्था 5 से 13 अप्रैल तक ‘एक सप्ताह देश के नाम’ अभियान चला रही है। यह संस्था मेडिकल क्षेत्र के युवाओं को जनजातीय इलाकों में सेवा देने के लिए प्रेरित करती है और उनकी स्वास्थ्य ज़रूरतों को समझने का प्रयास करती है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जनजातीय नेताओं के योगदान को भी याद किया और जनजातीय विकास के लिए निरंतर काम करने का आश्वासन दिया।