गुरदासपुर में गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख


गुरदासपुर के मेहर चंद रोड पर स्थित कोल्ड ड्रिंक और कन्फेक्शनरी के गोदाम में गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में गोदाम का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, गनीमत रही कि आग नीचे की मंजिल तक नहीं पहुंची।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां और बीएसएफ की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों का सामान जल चुका था।
आग लगने के दौरान पटाखों जैसी तेज आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बाद में पता चला कि ये आवाजें कोल्ड ड्रिंक की बोतलों के फटने की वजह से आई थीं।
गोदाम मालिक सतपाल शर्मा के भतीजे अनमोल शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे उन्हें आसपास के लोगों ने आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि आग ने विकराल रूप ले लिया था। शटर इतना गर्म हो चुका था कि उसे खोलने में काफी समय लग गया।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस भीषण हादसे में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी कि बटाला से भी एक दमकल गाड़ी बुलानी पड़ी।
आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड और बीएसएफ की टीमों ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।