CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश का दौर जारी है. इसी बीच 16 मई को अचानक देर शाम राजधानी रायपुर में मौसम का मिजाज बदल गया. यहां कई इलाकों में तेज आंधी और गरज चमक के साथ बारिश हुई. बारिश के साथ ओले गिरने भी शुरू हो गए. खराब मौसम के चलते शहर के कई इलाके अंधेरे में डूब गए है. वहीं आज रविवार 17 मई को भी मौसम बदला हुआ रहने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में आज गरज-चमक, हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर अभी प्रदेश में बना हुआ है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। रायपुर में सुबह से बादल छाए रहने और दिन में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
रायपुर, कोरबा और बस्तर में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, कांकेर, बस्तर और अंबिकापुर समेत कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
शनिवार रात रायपुर में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद आज भी मौसम ठंडा बना रह सकता है. वहीं बस्तर संभाग और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है. कोरबा और धमतरी क्षेत्र में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है.



















