रायपुर: राजधानी रायपुर के जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर जारी असमंजस अब दूर हो गया है। भाजपा को बहुमत की दरकार थी, जो जोगी कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य संदीप यदु के भाजपा में शामिल होने से पूरी हो गई है।
रायपुर जिला पंचायत में अब तक भाजपा और कांग्रेस के आठ-आठ सदस्य थे, जिससे अध्यक्ष चुनाव में गतिरोध बना हुआ था। चुनाव को पहले 5 मार्च, फिर 12 मार्च से टालकर 20 मार्च को रखा गया था। लेकिन अब संदीप यदु के भाजपा में शामिल होने से समीकरण बदल गए हैं, और भाजपा को 9 तथा विपक्ष को 7 वोट मिलते नजर आ रहे हैं।
भाजपा को मजबूती, कांग्रेस चुप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की उपस्थिति में संदीप यदु ने मंगलवार दोपहर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर रायपुर जिलाध्यक्ष, विधायकगण और अन्य नेता भी मौजूद थे। भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सुशासन के चलते लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
इस बीच, एक नई चर्चा भी सामने आई है कि भाजपा के पास अब 9 नहीं बल्कि 10 सदस्यों का समर्थन हो सकता है। हालांकि, इस पर अब तक कांग्रेस या विपक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अब जब भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल गया है, तो 20 मार्च को होने वाला जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव भाजपा के लिए आसान माना जा रहा है।