जशपुर के लिए खुला विकास का नया रास्ता! पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ने जा रहा जिला, सीएम साय ने जताया आभार

रायपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार द्वारा विशेष रेल परियोजना का दर्जा दिए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे जशपुर समेत पूरे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक फैसला बताया है।

लंबे इंतजार के बाद जशपुर को मिलेगा रेल संपर्क का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि जशपुर जिले के विकास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। वर्षों से रेल सुविधा की मांग कर रहे जिले के लोगों के लिए यह परियोजना बड़ी सौगात साबित होगी। इस रेल लाइन के निर्माण से पहली बार जशपुर का सीधा जुड़ाव रेल नेटवर्क से हो सकेगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी और विकास की गति तेज होगी।

पर्यटन, व्यापार और उद्योग को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

सीएम ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध वन संपदा, पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के लिए पहचान रखने वाला जशपुर अब देश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा। रेल संपर्क बढ़ने से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए दरवाजे

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र के युवाओं को मिलेगा। रेल नेटवर्क विकसित होने से उद्योगों और व्यवसायों का विस्तार होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी पहले से अधिक आसान हो जाएगी।

वनांचल क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

उन्होंने कहा कि रेल परियोजना केवल परिवहन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के समग्र विकास की मजबूत नींव भी साबित होगी। इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

छत्तीसगढ़ के लिए केंद्र सरकार की प्राथमिकता का उदाहरण

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार छत्तीसगढ़ के विकास को प्राथमिकता दे रही है। रेल, सड़क, ऊर्जा और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के दूरदराज इलाकों तक विकास पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देगी यह परियोजना

प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना जशपुर और आसपास के क्षेत्रों की प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगी। आने वाले वर्षों में इसका लाभ लाखों लोगों तक पहुंचेगा और क्षेत्र के विकास की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *