बस स्टैंड पर ग्राहक तलाश रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा; रायपुर तक पहुंची जांच, 590 नशीली गोलियां जब्त

 धमतरी : अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 590 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं। कार्रवाई में मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन समेत कुल 69,720 रुपये का सामान जब्त किया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बस स्टैंड के पास ग्राहक की तलाश में था पहला आरोपी

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि धमतरी बस स्टैंड के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान जालमपुर वार्ड निवासी 21 वर्षीय प्रियांशु महावर के रूप में हुई।तलाशी लेने पर उसके पास से 22 स्ट्रिप में कुल 220 नशीली गोलियां मिलीं। पुलिस ने उसके पास से एक मोटोरोला 5जी मोबाइल और हीरो स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की। इस आरोपी से बरामद सामान की कीमत करीब 36,760 रुपये आंकी गई है।

पूछताछ के बाद रायपुर पहुंची पुलिस टीम

पहले आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को नशीली गोलियों की सप्लाई से जुड़ी अहम जानकारी मिली। इसके बाद सिटी कोतवाली की टीम रायपुर पहुंची और धमतरी रोड स्थित शुभम के मार्ट के पास दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की।पुलिस ने बालाघाट निवासी और वर्तमान में रायपुर में रह रहे 30 वर्षीय नवेश सैय्याम को गिरफ्तार किया।

एक्टिवा की डिक्की से मिली 370 गोलियां

नवेश की एक्टिवा की तलाशी के दौरान डिक्की से 37 स्ट्रिप में कुल 370 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इसके अलावा एक रियलमी 5जी मोबाइल और एक्टिवा भी जब्त की गई। इस बरामदगी की कीमत 32,960 रुपये बताई गई है।दोनों आरोपियों से कुल 590 नशीली गोलियां, दो मोबाइल फोन और दो दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

बिना चिकित्सकीय पर्चे के बिक्री पर प्रतिबंध

पुलिस के अनुसार, बरामद दवाइयों की स्ट्रिप पर स्पष्ट रूप से चिकित्सकीय पर्चे के बिना बिक्री नहीं करने की चेतावनी दर्ज थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन प्रतिबंधित गोलियों को नशा करने वाले लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां आरोपियों तक कहां से पहुंचीं और इनके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *