सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को बनाया शिकार, दुष्कर्म के बाद निजी वीडियो से ब्लैकमेलिंग; कैंसर का बहाना बनाकर 2.19 लाख रुपये ठगे

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में इंस्टाग्राम के जरिए युवती से संपर्क बढ़ाकर कथित तौर पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गुजरात के सूरत से 19 वर्षीय युवक रौनक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने कैंसर से पीड़ित होने की बात कहकर युवती से 2 लाख 19 हजार 500 रुपये ऐंठे। इसके बाद रकम वापस मांगने पर वह निजी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने लगा।

इंस्टाग्राम पर संपर्क के बाद शुरू हुआ ठगी का खेल

पुलिस के अनुसार, आरोपी रौनक सूरत के वराछा इलाके में खोडियार नगर रोड स्थित अश्विन सोसायटी-2 का रहने वाला है। उसकी युवती से पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत के दौरान उसने युवती का भरोसा हासिल किया। आरोप है कि इसके बाद कैंसर से पीड़ित होने का हवाला देकर उसने युवती से आर्थिक सहायता मांगी और अलग-अलग माध्यमों से कुल 2,19,500 रुपये प्राप्त कर लिए।

होटल में बुलाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाने का आरोप

जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी सूरत से राजनांदगांव पहुंचा और एक निजी होटल में कमरा लिया। इसके बाद उसने युवती को मुलाकात के बहाने वहां बुलाया। आरोप है कि होटल में आरोपी ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने मोबाइल फोन से युवती की निजी तस्वीरें और अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।

रकम लौटाने के बजाय वायरल करने की धमकी

युवती को जब कथित धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तो उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि युवक ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह मोबाइल में मौजूद निजी तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती पर दबाव बनाने लगा। इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

सूरत में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा

पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। उसके बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(1) भी मामले में जोड़ी गईं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन की जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गुजरात के सूरत पहुंची, जहां आरोपी को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने की बात सामने आने के बाद आरोपी का मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड जब्त किया गया।

ट्रांजिट रिमांड पर राजनांदगांव लाया गया आरोपी

पुलिस ने सूरत की अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर आरोपी को राजनांदगांव पहुंचाया है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *