Jammu Kashmir Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन लगातार जारी है। मजालता इलाके के घने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्र में बुधवार रात से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी नागरिक होने की आशंका जताई जा रही है। उनके कश्मीर टाइगर्स या जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की भी संभावना सामने आई है। हालांकि, सुरक्षाबलों की ओर से अभी दोनों आतंकियों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
कई दिनों से मिल रहे थे आतंकियों की मौजूदगी के इनपुट
मजालता क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षाबलों को पिछले कई दिनों से लगातार खुफिया जानकारी मिल रही थी। इलाका घने जंगलों और ऊंचे-नीचे पहाड़ी क्षेत्र से घिरा होने के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। आशंका थी कि आतंकी जंगल का फायदा उठाकर लगातार अपनी जगह बदल रहे हैं। इसी वजह से सुरक्षाबलों की टीमें अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश अभियान चला रही थीं।
संदिग्ध गतिविधि दिखी तो शुरू हुई घेराबंदी
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज किया गया। सेना के साथ CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG ने भी संयुक्त कार्रवाई में हिस्सा लिया।तलाशी के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई। कार्रवाई के दौरान दो आतंकी मारे गए। रात, घना जंगल और पहाड़ी भूभाग होने के कारण अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
जम्मू-कश्मीर में लगातार चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान
उधमपुर में हुई यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षाबलों की ओर से आतंकवाद विरोधी अभियान जारी हैं। इससे पहले 15 सितंबर को राजौरी में तीन OGW को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी।वहीं, 5 सितंबर को लश्कर के कमांडर यासिर के मारे जाने की सूचना भी सामने आई थी। उधमपुर की ताजा मुठभेड़ के बाद अब सुरक्षाबल इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान आगे बढ़ा रहे हैं।



















