राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विधानसभा में जोरदार हंगामा, कार्यवाही कल तक स्थगित

 रायपुर: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष की ओर से इस विषय पर चर्चा की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया गया। लगातार शोरगुल और नारेबाजी के बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी।

स्थगन प्रस्ताव पर बढ़ा विवाद

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर विपक्ष द्वारा लाए गए स्थगन प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किए जाने के बाद कांग्रेस विधायकों ने विरोध तेज कर दिया। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी माहौल शांत नहीं हुआ और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस जारी रही।

इस दौरान सत्ता और विपक्ष के सदस्य आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए गए। कांग्रेस विधायक ‘पॉकेट मारना बंद करो’ के नारे लगाते रहे, जबकि सत्ता पक्ष के विधायकों ने ‘पाप धोने अयोध्या जाओ’ कहकर जवाबी तंज कसा।

चरणदास महंत ने उठाई सीबीआई जांच की मांग

सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास में काला दिन के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर चर्चा करना चाहता था, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी गई।

महंत ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए प्रदेश के लाखों लोगों ने श्रद्धा के साथ चंदा दिया था। ऐसे में यदि चढ़ावे में किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई से कराने की मांग की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *