अंधे कत्ल का खुलासा: जादू-टोने के विवाद में बैगा युवक की हत्या, आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फांसी पर लटकाया

 कबीरधाम : कुकदूर थाना क्षेत्र में सामने आए एक संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए इसे हत्या करार दिया है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या प्रतीत हो रही घटना की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार जादू-टोना और झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद के बाद ससुर और दामाद ने मिलकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।

आत्महत्या की सूचना से शुरू हुई जांच

8 अगस्त को ग्राम बिजोराटोला में प्रेमसिंह बैगा का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।घटनास्थल के निरीक्षण और शव के पंचनामा के दौरान पुलिस को मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले। इससे मामला संदिग्ध लगने पर जांच का दायरा बढ़ाया गया।

जादू-टोने की बात पर हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि कांदावानी गांव निवासी छत्तर सिंह बैगा अपने दामाद चैतराम बैगा के साथ बैगाई-गुनियाई और झाड़-फूंक से जुड़े काम के सिलसिले में बिजोराटोला आया था। इस दौरान तीनों ने साथ बैठकर शराब पी।पुलिस के अनुसार बातचीत के दौरान जादू-टोने और झाड़-फूंक को लेकर विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

गला घोंटकर की हत्या, फिर रची आत्महत्या की साजिश

जांच के मुताबिक विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने प्रेमसिंह बैगा के साथ मारपीट की और साड़ी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को घर के म्यार में साड़ी के सहारे फांसी पर लटका दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर 55 वर्षीय छत्तर सिंह बैगा और 26 वर्षीय चैतराम बैगा को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करने और बाद में शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या दर्शाने की बात स्वीकार की है।

भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *