छत्तीसगढ़ में दो दर्दनाक सड़क हादसे, धमतरी में एम्बुलेंस सवार नर्स की मौत, सूरजपुर में कुएं में गिरी बाइक

 छत्तीसगढ़ :  अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा धमतरी जिले में संबलपुर के पास हुआ, जहां शव लेकर रायपुर से जगदलपुर जा रही एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार एक नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सूरजपुर जिले में बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा, जिससे उसकी भी जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

धमतरी में डिवाइडर से टकराकर ट्रैक्टर से भिड़ी एम्बुलेंस

धमतरी जिले में संबलपुर के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक एम्बुलेंस मृत व्यक्ति के शव को रायपुर से जगदलपुर लेकर जा रही थी। इसी दौरान संबलपुर के पास एम्बुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रहे ट्रैक्टर से जा भिड़ी।हादसा इतना गंभीर था कि एम्बुलेंस में सवार शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई। शबनम खान जगदलपुर के महारानी हॉस्पिटल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और एम्बुलेंस चालक से कोई चूक हुई या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

सूरजपुर में कुएं में जा गिरी बाइक

दूसरी घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पर्री गांव की है। यहां देर रात बाइक सवार एक युवक सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।

मृतक ओढ़गी के घुई गांव का रहने वाला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक ओढ़गी क्षेत्र के घुई गांव का रहने वाला था। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।दोनों हादसों में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटनाएं किन परिस्थितियों में हुईं। जांच के बाद ही हादसों की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *