दो सड़क हादसों ने बुझाए तीन घरों के चिराग, तेज रफ्तार और अज्ञात वाहन ने छीनी जिंदगियां

 कोरबा : अभनपुर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। कोरबा के दीपका क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभनपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से 48 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार में यह हादसा हुआ। करण चौहान उम्र 16 वर्ष, पिता बृजलाल और राजा नेटी उम्र 14 वर्ष, पिता कैलाश बाइक से तिवरता से लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मोड़ पर बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं संभाल सका और मोटरसाइकिल सीधे पेड़ से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोरों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लिया। रात अधिक होने के कारण दोनों शवों को मर्च्युरी में रखवाया गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अभनपुर में अज्ञात वाहन ने राहगीर को मारी टक्कर

दूसरा हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र में मानिकचौरी रेलवे क्रॉसिंग के पास राजिम-रायपुर मुख्य मार्ग पर हुआ। रात करीब 12 बजे एक अज्ञात वाहन ने 48 वर्षीय देवाराम साहू को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।मृतक नायकबांधा, अभनपुर के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। अभनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों और संभावित सुरागों के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *