तिल्दा में दोस्ती का हुआ दर्दनाक अंत, ‘मोटा’ कहकर चिढ़ाने के विवाद में 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या

 रायपुर :  सटे तिल्दा क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी और पुराने विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि 10वीं कक्षा के एक छात्र की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

बोर्ड परीक्षा के दौरान शुरू हुआ विवाद, समय के साथ बढ़ती गई दुश्मनी

जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने 16 वर्षीय अमन यदु को ‘मोटा’ कहकर चिढ़ाया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गहरी नाराजगी में बदल गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

झगड़ा बढ़ा तो चाकू से हुआ हमला, मौके पर ही चली गई छात्र की जान

शुक्रवार को दोनों छात्रों के बीच एक बार फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अमन अपने साथ चाकू लेकर पहुंचा था। इसी दौरान धक्का-मुक्की के बीच आरोपी छात्र ने चाकू अपने कब्जे में ले लिया और उसी हथियार से अमन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अमन के सीने और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हमले में आरोपी भी घायल, अस्पताल में चल रहा उपचार

यह पूरी घटना तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव की बताई जा रही है। मारपीट के दौरान आरोपी छात्र भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच, घटना से इलाके में शोक और सनसनी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों छात्रों के बीच हुए विवाद, घटना के कारणों और परिस्थितियों की गहन पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *