दुर्ग में दर्दनाक हादसा, सिलेंडर ब्लास्ट में एक परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

 छत्तीसगढ़:  दुर्ग जिले से मंगलवार दोपहर बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी गांव में सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में दो सगी बहनें, उनके पिता और डेढ़ साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा, जिसने पूरा घर निगल लिया

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से घर के बाहर बने प्लास्टिक और तिरपाल के छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलते हुए रसोई तक पहुंच गई, जहां रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

ब्लास्ट इतना भयानक था कि आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके और जिंदा जल गए।

चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच पहुंची राहत टीम

धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मकान के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

घर के बाहर होने से बच गई परिवार के तीन लोगों की जान

हादसे के समय घर में चांदनी वैष्णव 18 वर्ष, लक्ष्मी वैष्णव 20 वर्ष, उनके पिता अनिल वैष्णव 45 वर्ष और डेढ़ साल की गोपिका वैष्णव मौजूद थे। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि अनिल वैष्णव की पत्नी, बेटा और एक बेटी उस समय घर के बाहर थे, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि बाहर मौजूद बेटी की डेढ़ साल की बच्ची घर के अंदर थी, जो इस हादसे का शिकार बन गई।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।

मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, एसएसपी विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर दुर्ग कलेक्टर को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *