दर्दनाक हादसा : नहर में बेटी को तैरना सिखाते समय पिता-पुत्री बहे, पिता का शव बरामद, बच्ची की तलाश जारी

बालोद। जिले के पीपरछेड़ी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तांदुला नहर में नहाने के दौरान पिता और बेटी तेज बहाव की चपेट में आ गए। पिता अपनी 12 साल की बेटी को तैरना सिखा रहे थे, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हुआ और दोनों बह गए।

एक बच्ची बची, पिता की मिली लाश, बेटी की तलाश जारी
घटना के दौरान एक अन्य बच्ची दामिनी भी बहने लगी थी, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, यमन गंजीर और उनकी बेटी पल्लवी को बचाया नहीं जा सका। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने पिता का शव बरामद कर लिया है, जबकि बेटी की तलाश अब भी जारी है।

नहर में उतरे और फिर नहीं लौटे, अचानक बढ़ा पानी बना कारण
जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर अपनी बेटी के साथ नहर में उतरे थे। इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे दोनों संतुलन खो बैठे और बहाव में समा गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, बांधों से रोका गया पानी का प्रवाह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। तलाशी अभियान को आसान बनाने के लिए तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का प्रवाह अस्थायी रूप से रोका गया। गोताखोरों की टीम लगातार नहर में तलाश कर रही है।

ससुराल आया था युवक, पूरे गांव में पसरा सन्नाटा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक यमन गंजीर पीपरछेड़ी गांव का दामाद था और अपनी ससुराल आया हुआ था। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा फैल गया है।

एक लापरवाही, भारी पड़ गया पूरा परिवार पर
यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि तेज बहाव वाले पानी में जरा सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापता बच्ची की तलाश जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *