मध्य प्रदेश: राजगढ़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खुजनेर थाना क्षेत्र में एक कार के तालाब में गिरने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी लोग शाजापुर जिले से खुजनेर स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान भीलखेड़ी जोड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्रेन की मदद से निकाली गई कार
खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि कार तालाब में गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद देखा गया कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह पानी में डूबा हुआ था, जबकि पीछे का कुछ हिस्सा दिखाई दे रहा था।पुलिस ने पहले रस्सी की मदद से वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद क्रेन बुलाकर करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। जब वाहन के अंदर देखा गया तो उसमें पांच लोगों के शव मिले।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान शाजापुर जिले के रहने वाले लोगों के रूप में की है। मृतकों में:
- गोविंद तिवारी, उम्र 55 वर्ष
- कमल तिवारी, उम्र 57 वर्ष
- शंकर लाल, उम्र 57 वर्ष
- रोहित खाती, उम्र 25 वर्ष
- अरविंद खाती, उम्र 30 वर्ष
शामिल हैं।
गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



















