शबरी पुल पर दो घंटे से लंबा जाम: बीच पुल में कैप्सूल और ट्रेलर खराब, दोनों जिलों का आवागमन प्रभावित

बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी स्थित शबरी पुल पर बुधवार को बड़ा यातायात संकट खड़ा हो गया। पुल के बीचों-बीच एक कैप्सूल वाहन और ट्रेलर के खराब हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पिछले करीब दो घंटे से यातायात बाधित होने के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुल के बीच में बंद हुए दोनों वाहन

जानकारी के अनुसार, शबरी पुल से गुजरते समय एक कैप्सूल वाहन और ट्रेलर अचानक खराब हो गए। दोनों भारी वाहनों के पुल पर ही रुक जाने से मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और देखते ही देखते दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।

बलौदाबाजार–जांजगीर मार्ग पर आवागमन प्रभावित

शबरी पुल बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा जिले को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। मार्ग बंद होने से दोनों जिलों के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। जाम में छोटे-बड़े वाहन, यात्री बसें और मालवाहक वाहन लंबे समय तक फंसे रहे।

वाहन हटाने का प्रयास जारी

सूचना मिलने के बाद संबंधित टीम मौके पर पहुंची और खराब पड़े दोनों वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द मार्ग को खाली कर यातायात सामान्य किया जा सके।

यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि जब तक मार्ग पूरी तरह बहाल नहीं हो जाता, तब तक संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *