आज सदन में कई फैसलों की बारी, बहस से लेकर नए विधेयकों तक किस मुद्दे पर रहेगी सबकी नजर?

 छत्तीसगढ़ : विधानसभा के मानसून सत्र का गुरुवार को चौथा दिन कई अहम चर्चाओं और विधायी कार्यों के नाम रहने वाला है। प्रश्नकाल के दौरान सरकार के कई मंत्री सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे, जबकि सदन में महत्वपूर्ण विधेयकों को पेश करने और पारित कराने की भी तैयारी है। इसके साथ ही विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार को विपक्ष के सवालों का सामना करना पड़ेगा।

प्रश्नकाल में इन मंत्रियों पर रहेगी जिम्मेदारी

आज के प्रश्नकाल में मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे।

इन विधेयकों पर होगी अहम चर्चा

आज सदन में छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक को पारित किए जाने की संभावना है। इसके अलावा उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन संशोधन अधिनियम भी सदन में प्रस्तुत करेंगे। वहीं गृहमंत्री विजय शर्मा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में रखेंगे।

ध्यानाकर्षण और याचिकाओं का भी रहेगा लंबा सिलसिला

चौथे दिन की कार्यवाही में कुल 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं। इसके अलावा 8 विधायक अपनी याचिकाएं सदन के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इससे जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

पीडीएस से लेकर प्लास्टिक और खेल विश्वविद्यालय तक उठेंगे मुद्दे

विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े विषय पर सरकार से जवाब मांगेंगे, जिसका उत्तर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे।वहीं वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने को लेकर अशासकीय संकल्प पेश करेंगे। इसके साथ ही विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर भी अशासकीय संकल्प सदन में रखेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *