Swine Flu Case: उज्जैन में स्वाइन फ्लू से दूसरी मौत, एक महीने में दो मरीजों की गई जान

 उज्जैन :  स्वाइन फ्लू का मामला एक बार फिर गंभीर हो गया है। जिले में इस संक्रमण से एक और महिला की मौत हो गई है। अलकनंदा नगर की रहने वाली 75 वर्षीय महिला का इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां 11 सितंबर की देर रात उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में करीब एक महीने के भीतर स्वाइन फ्लू से यह दूसरी मौत है।

1 सितंबर को अस्पताल में कराया गया था भर्ती

अलकनंदा नगर निवासी महिला को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते 1 सितंबर को एबी रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराने का फैसला लिया।महिला का सैंपल जांच के लिए उज्जैन स्थित आरडी गार्गी मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उन्हें अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। उपचार के दौरान 11 सितंबर की रात करीब 11.45 बजे उनकी मौत हो गई।

परिवार और आसपास के लोगों की हुई जांच

महिला के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान परिवार के चार सदस्य उनके संपर्क में आए थे। संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के क्षेत्र में भी सर्वे कराया।विभागीय टीम ने महिला के घर के अलावा आसपास के 14 घरों में रहने वाले कुल 57 लोगों की जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाई। राहत की बात यह रही कि सर्वे के दौरान किसी भी व्यक्ति में सर्दी, जुकाम, खांसी या बुखार जैसे लक्षण नहीं मिले।

जिले में अब तक 14 मरीज पॉजिटिव

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उज्जैन जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 14 मरीज सामने आ चुके हैं। विभाग का कहना है कि संक्रमित मरीजों में से सभी के स्वस्थ होने की जानकारी है। हालांकि, लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए निगरानी और संपर्क में आए लोगों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

19 अगस्त को भी हुई थी एक महिला की मौत

उज्जैन में स्वाइन फ्लू से इससे पहले 19 अगस्त को एक महिला की मौत हुई थी। ऋषिनगर निवासी महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *