सड़कों पर अब नहीं चलेगी आवारा मवेशियों की मनमानी, रायपुर में रोजाना चल रहा धरपकड़ अभियान और मालिकों को चेतावनी

 रायपुर। उच्च न्यायालय के निर्देश और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत रायपुर नगर निगम ने सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में निगम के सभी 10 जोनों की काउकेचर टीम और विशेष टीमों के श्रमिक लगातार अलग-अलग इलाकों में मवेशियों की धरपकड़ कर रहे हैं।इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर खुले घूमने वाले मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है।

भाठागांव और संतोषी नगर से पकड़े गए 22 मवेशी

अभियान के दौरान जोन 6 की टीम ने भाठागांव क्षेत्र की सड़कों से 9 आवारा मवेशियों को पकड़ा। इसके अलावा संतोषी नगर, मठपुरैना और रिंग रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 13 और मवेशियों को काउकेचर वाहन की सहायता से पकड़ा गया।इस तरह जोन 6 के इन इलाकों से कुल 22 आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाया गया।

पेंशनबाड़ा से लाखेनगर तक भी कार्रवाई

जोन 4 की काउकेचर टीम ने भी कई प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाया। वार्ड 57 के पेंशनबाड़ा, वार्ड 45 के बूढ़ापारा और वार्ड 44 के लाखेनगर क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे कुल 5 मवेशियों को पकड़ा गया।नगर निगम के मुताबिक शहर के अन्य हिस्सों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी 10 जोनों की टीमें नियमित रूप से सड़कों की निगरानी करते हुए आवारा मवेशियों को हटाने की कार्रवाई करेंगी।

मवेशी खुले छोड़े तो मालिकों पर लगेगा जुर्माना

नगर निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को घर या निर्धारित स्थान पर बांधकर रखें और उन्हें सड़कों पर खुला न छोड़ें। निगम का कहना है कि सड़कों पर मवेशियों के घूमने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है और यातायात भी प्रभावित होता है।निगम ने स्पष्ट किया है कि पालतू मवेशियों को सड़कों पर खुला छोड़ने की स्थिति में संबंधित मालिक के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। मवेशियों को खुले में छोड़ने से होने वाली किसी भी समस्या के लिए संबंधित पशु मालिक ही जिम्मेदार होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *