छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई की आहट, अगले 2-3 दिन में बदल सकता है मौसम , जानिए रायपुर समेत प्रदेश में कैसा रहेगा हाल

 रायपुर :  छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। सितंबर के खत्म होने के साथ ही मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। इसके साथ ही राज्य में धीरे-धीरे शुष्क मौसम का दौर शुरू होने की संभावना है।

बारिश के बाद अब बढ़ने लगी दिन की गर्मी

बुधवार को छत्तीसगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे साफ है कि प्रदेश में अब दिन के समय गर्मी और रात में हल्की ठंडक का असर महसूस होने लगा है।

रायपुर में भी साफ रहेगा आसमान

राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के संकेतों के मुताबिक यहां भी बारिश के बीच का अंतराल बढ़ सकता है। एक अक्टूबर को राजधानी में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है।रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मानसून की विदाई के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगेगा और तापमान के मिजाज में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में दिन गर्म और रात अपेक्षाकृत ठंडी रहने का सिलसिला बढ़ सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *