लाइसेंसी बंदूक से चली गोली, आबकारी अधिकारी की पत्नी गंभीर रूप से घायल, रीवा रेफर

 सतना: मध्य प्रदेश के सतना में एक घर के भीतर अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मंदाकिनी विहार कॉलोनी में बुधवार शाम सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी गोली लगने से घायल हो गईं। गोली 50 वर्षीय दीपमाला सिंह के पेट में लगी। घटना के बाद परिजन और घर में रहने वाले किराएदार उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रीवा रेफर कर दिया।

मंदिर से बंदूक ले जाते समय कैसे चली गोली?

परिजनों के मुताबिक, घर में मंगलवार को शस्त्र पूजा हुई थी। अगले दिन बुधवार शाम दीपमाला सिंह मंदिर से बंदूक लेकर उसे अलमारी में रखने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उनके पेट में जा लगी। फायरिंग की आवाज के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।दीपमाला की चीख-पुकार सुनकर किराएदार कमरे में पहुंचे। किराएदार अभिषेक सिंह के मुताबिक, कमरे में पहुंचने पर उन्होंने दीपमाला को घबराई हुई हालत में देखा। उनके पेट में गोली लगी थी। इसके बाद पति देवेंद्र प्रताप सिंह और किराएदार उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए।

रीवा में पदस्थ हैं सहायक आबकारी अधिकारी

जानकारी के अनुसार, देवेंद्र प्रताप सिंह रीवा में सहायक आबकारी अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह अवकाश पर सतना स्थित अपने घर आए हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। हालांकि, तब तक घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।

मौके पर पहुंची पुलिस को क्या मिला?

पुलिस ने मकान खुलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कमरे में लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक मिली। वहीं, किचन के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे हुए कांच बिखरे मिले। पुलिस को घटनास्थल पर खून के निशान और कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला।

गोली चलने की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा ने कमरे और किचन की बारीकी से जांच की। मकान में रहने वाले किराएदारों से भी पूछताछ की गई। फिलहाल पुलिस ने मकान में ताला लगवाकर उसकी चाबी अपने पास रख ली है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बंदूक से गोली किन परिस्थितियों में चली। घटना के कारणों को लेकर जांच जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *