Rahul Gandhi Viral Video : प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और उसके बाद हुई हिरासत के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो देर रात उस समय रिकॉर्ड किया गया, जब उन्हें हिरासत से छोड़ा गया। वीडियो में राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों, शिक्षा व्यवस्था और केंद्र सरकार की कार्यशैली को लेकर अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं।वीडियो की सबसे ज्यादा चर्चा राहुल गांधी की स्थिति को लेकर हो रही है। वह छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर की सीढ़ियों पर बैठे दिखाई देते हैं। इस दौरान उनके एक पैर में जूता नहीं है, कपड़े और बाल बिखरे हुए नजर आते हैं, जबकि चेहरे पर थकान साफ दिखाई देती है। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
वीडियो में छात्रों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
वायरल वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि संसद में छात्रों से जुड़े मुद्दों और देश की शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा कराने की मांग की गई थी, लेकिन सरकार ने बहस की अनुमति नहीं दी। उनका आरोप है कि छात्रों से जुड़े इतने महत्वपूर्ण विषय पर संसद में चर्चा से बचने की कोशिश की गई।उन्होंने इस दौरान छात्रों के समर्थन में तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही छात्रों पर कथित अत्याचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग उठाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से युवाओं से माफी मांगने और शिक्षा तथा परीक्षा प्रणाली में जल्द सुधार शुरू करने की अपील भी की।
पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद हुई थी हिरासत
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेता भी शामिल हुए।प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में कुछ नेताओं को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया, जबकि राहुल गांधी समेत कई नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया। वहीं से सामने आया राहुल गांधी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।



















