मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईस्टर के अवसर पर यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में एक मानवीय युद्धविराम की घोषणा की है। यह युद्धविराम शनिवार शाम 6 बजे (मॉस्को समय) से लागू होकर रविवार की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा। इस घोषणा को रूस की एक मानवीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
क्रेमलिन की पुष्टि, सैन्य कार्रवाई रोकने का आदेश
क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह निर्णय राष्ट्रपति पुतिन और जनरल स्टाफ प्रमुख वलेरी गेरासिमोव की बैठक के बाद लिया गया। पुतिन ने कहा:
“मानवीय भावना को ध्यान में रखते हुए, रूसी पक्ष शनिवार शाम से ईस्टर की मध्यरात्रि तक युद्धविराम की घोषणा करता है। सभी सैन्य कार्रवाइयां इस अवधि में रोक दी जाएंगी।”
यूक्रेन से भी युद्धविराम का सम्मान करने की अपील
राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन से भी इस युद्धविराम का सम्मान करने और जवाब में सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि:
“त्योहार के इस पवित्र मौके पर लड़ाई को रोका जाना चाहिए। लेकिन हमारी सेनाएं किसी भी उकसावे या उल्लंघन का उचित जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।”
कुर्स्क क्षेत्र पर रूस का नियंत्रण बढ़ा
बैठक के दौरान जनरल गेरासिमोव ने बताया कि यूक्रेन की सीमा से लगे कुर्स्क क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा अब रूस के नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि:
“सिर्फ दो छोटे इलाके छोड़ दें, तो कुर्स्क क्षेत्र में अब पूरी तरह से हमारी पकड़ है।”
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में यूक्रेनी सेना ने इस क्षेत्र में घुसपैठ कर कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया था। अब रूस का दावा है कि उसने यूक्रेनी बलों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है।
ओलेशन्या गांव पर रूस का नियंत्रण
रूसी रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि यूक्रेनी सीमा से सटे ओलेशन्या गांव पर अब रूस ने पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया है। यह गांव यूक्रेनी सेना के इस क्षेत्र में बचे कुछ अंतिम ठिकानों में से एक माना जाता था।