रायपुर पुलिस का ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 3 राज्यों में छापेमारी कर 26 सटोरिए गिरफ्तार

 रायपुर : राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी और समन्वित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कमिश्नरेट पुलिस की टीम ने कोलकाता, हरियाणा और बिहार तक दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले 5 बड़े पैनलों को ध्वस्त कर दिया।इस कार्रवाई के बाद अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

मोबाइल ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से चल रहा था करोड़ों का खेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी तकनीकी माध्यमों और मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। लोटस 365 और लायन4 डॉट कॉम समेत कई प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क अलग-अलग राज्यों से संचालित हो रहा था और इसमें कई लोग शामिल थे।

14 सट्टा ग्रुप का खुलासा, 26 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 14 ऑनलाइन सट्टा ग्रुप का खुलासा किया है। मामले में अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों के तार कई राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

50 लाख से ज्यादा का सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 18 लाख रुपये नकद, 74 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।जब्त सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

चार थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों के आधार पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के चार अलग-अलग थाना इलाकों में दर्ज मामलों के आधार पर की गई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट गठन के बाद से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अब तक करीब 100 सटोरियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *