राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को रायपुर के नुआखाई महोत्सव का न्योता, विधायक पुरंदर मिश्रा ने राष्ट्रपति भवन में की मुलाकात

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले नुआखाई महोत्सव को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ आकर नुआखाई पर्व में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

नुआखाई की परंपरा और सांस्कृतिक महत्व से कराया परिचय

मुलाकात के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक समरसता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नुआखाई केवल नई फसल का उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार, पारिवारिक एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक भी है।

उन्होंने यह भी बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की परंपरा से जुड़ा यह पर्व प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।

राष्ट्रपति की उपस्थिति को बताया गौरव का विषय

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस पर्व में आमंत्रित करना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उनका मानना है कि यदि राष्ट्रपति इस आयोजन में शामिल होती हैं, तो इससे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

रायपुर में श्रद्धा और संस्कृति का होगा संगम

विधायक ने कहा कि रायपुर के श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाला नुआखाई महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम है। यह पर्व लोगों को अपनी मिट्टी, अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी माना जाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *