बलौदा बाजार में श्रद्धालुओं की यात्रा बनी हादसा, गिरौदपुरी धाम जाते समय माजदा पलटी; महिला और बच्चों समेत 27 घायल

 बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक माजदा वाहन के पलटने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे महिला और बच्चों समेत 27 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

NH-130 बी पर मोड़ के पास अनियंत्रित हुई गाड़ी

यह हादसा कसडोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 बी पर सेल और छांछी के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। सभी बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम में दर्शन के लिए रवाना हुए थे।गुरुवार सुबह रास्ते में एक मोड़ के पास माजदा वाहन अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। वाहन के पलटते ही उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

27 घायलों को पहुंचाया गया कसडोल CHC

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से घायलों को तत्काल कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।बताया जा रहा है कि दो महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।

मदद के लिए आगे आया राहगीर, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे में घायल श्रद्धालुओं के परिजन देवचरण जांगड़े ने बताया कि सभी लोग मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम बाबाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वाहन पलटने से कई लोग घायल हो गए।उन्होंने बताया कि अमजद खान नामक व्यक्ति ने मौके पर मदद करते हुए घायलों को अपने वाहन से कसडोल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में सहयोग किया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से जानकारी ली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किस कारण अनियंत्रित हुआ।फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और बताया गया है कि उनकी स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *