दिवेआगर बीच पर पिकनिक बनी मातम में, समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत; पुणे से घूमने आया था ग्रुप

 महाराष्ट्र :  रायगढ़ जिले से बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। दिवेआगर बीच पर पिकनिक मनाने पहुंचे पुणे के 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सभी छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, पुणे के आलंदी इलाके से छात्रों का एक समूह दिवेआगर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान कुछ छात्र समुद्र में नहाने और तैरने के लिए पानी में उतर गए। समुद्र की गहराई और पानी के बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

प्राइवेट कोचिंग क्लास ने आयोजित की थी ट्रिप

बताया जा रहा है कि आलंदी इलाके में संचालित एक निजी कोचिंग क्लास की ओर से छात्रों के लिए दिवेआगर ट्रिप आयोजित की गई थी। इसी ग्रुप के कुछ छात्र समुद्र में उतरकर मस्ती कर रहे थे। देखते ही देखते वे गहरे पानी की चपेट में आ गए।घटना की जानकारी मिलते ही बीच पर मौजूद लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई। हादसे की खबर फैलते ही समुद्र तट पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों और वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने संभाला मोर्चा

छात्रों के समुद्र में डूबने की जानकारी मिलते ही दिवेआगर स्थित स्थानीय वॉटर स्पोर्ट्स संचालक और उनके कर्मचारियों ने बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी समुद्र में उतरकर छात्रों की तलाश की।काफी मशक्कत के बाद सभी 8 छात्रों को समुद्र से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी शव बरामद किए जाने की पुष्टि की है।

हादसे के बाद परिवारों में मचा कोहराम

एक साथ 8 छात्रों की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना छात्रों के परिजनों को दी जा रही है। पुलिस ने हादसे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

समुद्र में उतरने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

समुद्र में पानी की गहराई और तेज बहाव का अनुमान लगाना कई बार मुश्किल होता है। ऐसे में पर्यटकों को प्रशासन और लाइफगार्ड की ओर से निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही समुद्र में उतरने की सलाह दी जाती है। चेतावनी वाले स्थानों पर पानी में जाने से बचना बेहद जरूरी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *