राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान में पुलिस को पांच अग्निशस्त्र समेत कई अहम सामान मिले हैं। इस कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गुप्त सूचना के आधार पर जंगल में पहुंचीं पुलिस की टीमें
गढ़चिरौली पुलिस को जानकारी मिली थी कि पोस्टे वांगेतुरी क्षेत्र के मौजा माचुवंचा के जंगल में नक्सलियों ने हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अभियान में पुलिस की चार टुकड़ियों के साथ बम निरोधक दस्ते की एक टीम को भी शामिल किया गया। संयुक्त तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री का पता चला।
तलाशी में मिले पांच अग्निशस्त्र और विस्फोटक
पुलिस के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान मौके से एक बारह बोर राइफल, तीन सिंगल शॉट राइफल और एक एयर गन बरामद की गई। इसके अलावा 12 क्लेमोर, एक बोतल में रखा आईईडी विस्फोटक, एक जिंदा क्लेमोर विस्फोटक, एक वायरलेस माइक सेट और हथियार का एक लोअर हैंडगार्ड भी मिला।
सुतली बम और नक्सली वर्दी भी जब्त
हथियारों और विस्फोटकों के अलावा पुलिस को मौके से 100 सुतली बम, हरे कपड़े से तैयार नक्सली वर्दी के पांच जोड़े और अन्य नक्सली साहित्य भी मिला है। अभियान के दौरान कुछ विस्फोटकों और संबंधित सामग्री को मौके पर ही नष्ट किए जाने की जानकारी दी गई है।
नक्सल विरोधी अभियान में अहम कार्रवाई
गढ़चिरौली में हुई इस कार्रवाई से जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्री को जब्त करने में पुलिस को सफलता मिली है। सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा अभियान जारी रखने के लिहाज से यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



















