छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू, बारिश का कोटा सामान्य से 5% ज्यादा, अब बढ़ेगी गर्मी और उमस, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

 रायपुर. छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार 3 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो चुका है. अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी होने की संभावना है.पिछले साल मानसून की विदाई अक्टूबर के मध्य के आसपास हुई थी. इस बार सितंबर से ही मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे थे. हालांकि सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई.

बारिश थमते ही गर्मी और उमस का असर बढ़ा

मानसून की गतिविधियां कमजोर होने के बाद प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गर्मी और उमस का असर महसूस किया जा रहा है. बीते 24 घंटे में कोरबा 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. वहीं पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पूरे सीजन में सामान्य से 5% ज्यादा बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन के दौरान औसत बारिश 1141.2 मिमी रहती है. इस बार अब तक 1194.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इस तरह पूरे सीजन में सामान्य से करीब 4.7 प्रतिशत यानी लगभग 5 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है.सीजन की शुरुआत में बारिश कमजोर रही, लेकिन जुलाई से गतिविधियां तेज हुईं. जुलाई में सामान्य 375.5 मिमी के मुकाबले 494 मिमी बारिश हुई. अगस्त में सामान्य 364.2 मिमी के मुकाबले 355.3 मिमी और सितंबर में सामान्य 208.9 मिमी के मुकाबले 279.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.

9 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

प्रदेश के 33 जिलों में से 9 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई. इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, नारायणपुर, मुंगेली, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बलौदाबाजार और बलरामपुर शामिल हैं.इसके उलट सरगुजा में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई. जशपुर और बेमेतरा में भी सामान्य से 36 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. प्रदेश के बाकी जिलों में बारिश सामान्य रही.

जुलाई और सितंबर में हुई जमकर बारिश

जुलाई में 494 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य के मुकाबले काफी अधिक रही. अगस्त में 355.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सितंबर में 279.3 मिमी बारिश दर्ज की गई. सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी के सिस्टम ने बारिश की गतिविधियों को फिर से तेज कर दिया था.

दो बार बने बाढ़ जैसे हालात

इस मानसून सीजन में प्रदेश के कई इलाकों को दो बार बाढ़ जैसे हालात का सामना करना पड़ा. 31 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश के बाद जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी थी.इसके बाद सितंबर के अंतिम सप्ताह में लगातार बारिश से कई क्षेत्रों में फिर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए. इस दौरान कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए और हजारों एकड़ फसल प्रभावित हुई. राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात करनी पड़ीं. राजधानी रायपुर के कई इलाकों में भी जलभराव की समस्या सामने आई.

अब कैसा रहेगा मौसम, 4 अक्टूबर को कोई चेतावनी नहीं

मानसून की वापसी के साथ प्रदेश में अब मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. 4 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने किसी भी जिले में चेतावनी जारी नहीं की है. अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.

रायपुर में साफ रहेगा आसमान, 34 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.3 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे तक कोरबा 34.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा. इसके बाद राजनांदगांव में 34.5, जांजगीर-चांपा में 34.4, रायपुर में 34.2 और रायगढ़ में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *