मुंबई: ‘जिंदगी की ना टूटे लड़ी, प्यार कर ले घड़ी दो घड़ी’… इस गीत को जीने वाले महान अभिनेता मनोज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे। 87 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। शनिवार को मनोज कुमार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर किया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान उनके बेटे कुणाल ने मुखाग्नि दी, जबकि पत्नी शशि गोस्वामी अपने जीवन साथी को अलविदा कहते हुए रो पड़ीं। माहौल बेहद भावुक था।
मनोज कुमार की अंतिम विदाई में बॉलीवुड की कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं। अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, सलीम खान, अरबाज़ खान, प्रेम चोपड़ा जैसे सितारे उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, सलमान खान, शाहरुख खान, अक्षय कुमार, और कंगना रनौत सहित तमाम सितारों ने सोशल मीडिया पर शोक जताया।
बताया गया कि मनोज कुमार 21 फरवरी से अस्पताल में भर्ती थे और उम्र संबंधी सांस व हार्ट की बीमारियों से जूझ रहे थे। निधन के बाद, शनिवार को अंतिम संस्कार का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि परिवार के कुछ सदस्य विदेश में थे।
मनोज कुमार अंतिम विदाई एक युग का अंत है। उनके राष्ट्रभक्ति से लबरेज किरदार आज भी लोगों के दिलों में ज़िंदा हैं। सिनेमा ने एक सच्चा ‘भारत’ खो दिया है, और हर आंख नम है इस विदाई में।