जेल व्यवस्था में बड़ा बदलाव…इन दो जिलों की जेलों को मिला नया दर्जा

 रायपुर: छत्तीसगढ़ में जेल प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य शासन ने बीजापुर और नारायणपुर उप जेल के उन्नयन को मंजूरी देते हुए इन्हें जिला जेल के समकक्ष अधिसूचित कर दिया है।जेल विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। इस फैसले के बाद दोनों जेलों की व्यवस्थाओं में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

बंदियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने बताया कि जेलों के उन्नयन से बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके साथ ही जेलों की बंदी क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।उन्नत व्यवस्था के तहत स्वास्थ्य सेवाओं, सुधारात्मक गतिविधियों और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

जेलों के जिला जेल स्तर पर आने से सुरक्षा प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी। इससे सुरक्षा जोखिम कम होंगे और जेल परिसर में आवश्यक बुनियादी ढांचे का विकास किया जा सकेगा।इसके अलावा कर्मचारियों की तैनाती और संसाधनों के बेहतर उपयोग में भी मदद मिलेगी।

परिजनों और प्रशासन दोनों को मिलेगी राहत

जेल उन्नयन का लाभ केवल बंदियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके परिजनों को भी सुविधा मिलेगी। स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होने से मुलाकात और अन्य प्रक्रियाएं आसान हो सकेंगी।राज्य सरकार के इस फैसले को जेल प्रशासन को आधुनिक बनाने और सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *