रायपुर एप्पल स्टोर चोरी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी, देवास से दो और आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में रायपुर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के सदस्य राज झाला और राजेश लोधी को मध्यप्रदेश के देवास जिले से पकड़ा गया। आरोपियों के पास से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद हुआ है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

शटर उठाकर उड़ाए थे 173 आईफोन और दूसरे उपकरण

पुलिस के अनुसार, ऋषभ डागा ने 1 नवंबर 2026 को तेलीबांधा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

चोर दुकान से 173 एप्पल आईफोन के अलावा एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड लेकर फरार हो गए थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई थी। आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चुरा लिया था।

गिरोह के सरगना समेत पहले भी हुई गिरफ्तारी

मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के सरगना राजेश झाला, उसके साथी राज झाला और अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई। चोरी के आईफोन बेचने में मदद करने के आरोप में बड़वानी निवासी सफान खान को भी गिरफ्तार किया गया था।

पहले 125 आईफोन और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त

पुलिस ने इससे पहले आरोपियों के कब्जे से चोरी के 125 आईफोन बरामद किए थे। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया था। बरामद मोबाइल और वाहन की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई थी।

लगातार ठिकाने बदल रहे थे आरोपी, देवास में मिली सफलता

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को जानकारी मिली थी कि राज झाला और राजेश लोधी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देना जारी रखा। आखिरकार दोनों को मध्यप्रदेश के देवास जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड मिला।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *