रायगढ़ फैक्ट्री हादसे में बड़ा एक्शन, स्टील कंपनी के दो संचालकों पर FIR दर्ज

 रायगढ़। पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित श्री रूपेश स्टील कंपनी के लेबर क्वार्टर में बाउंड्री वॉल गिरने से हुई महिला मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मर्ग जांच में लापरवाही के शुरुआती तथ्य सामने आने के बाद कंपनी के दो संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।

आंधी-बारिश के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार 18 जून को तेज आंधी और बारिश के दौरान कंपनी परिसर के पास बनी बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा सीधे लेबर क्वार्टर पर आ गिरा, जिससे वहां मौजूद मजदूर रंभा यादव, सुनील परमार और रिंकी डेलकी इसकी चपेट में आ गए।

घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 30 वर्षीय रंभा यादव की मौत हो गई। वहीं सुनील परमार और रिंकी डेलकी का अस्पताल में इलाज जारी है।

जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही

पुलिस जांच में पता चला कि ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के संचालक दयानंद अग्रवाल और शंकर अग्रवाल ने अपने क्रेशर प्लांट परिसर में महालक्ष्मी कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड की बाउंड्री वॉल से सटाकर लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया।

दो संचालकों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना पूंजीपथरा पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

तकनीकी और कानूनी पहलुओं की होगी जांच

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तकनीकी और वैधानिक पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *