कवर्धा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, होटलों में औचक जांच से मचा हड़कंप

 कवर्धा: ‘सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार’ अभियान के तहत कवर्धा जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते तीन दिनों में शहर के साथ पंडरिया, पांडातराई और पोड़ी क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी की ताबड़तोड़ जांच की गई, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

इन बड़े होटलों पर पड़ी नजर, जांच में सामने आई लापरवाही

जांच टीम ने शहर के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों जैसे नारायणी इंटरनेशनल, रॉयल सेलिब्रेशन, कल्पना रेस्टोरेंट, न्यू कल्पना रेस्टोरेंट और 56 भोग चौपाटी का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर साफ सफाई और खाद्य मानकों में गंभीर खामियां उजागर हुईं।

एक्सपायर्ड दूध और गंदगी का खुलासा, मौके पर ही नष्ट कराया गया सामान

रायपुर रोड स्थित कल्पना स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में हालात बेहद खराब पाए गए। यहां खाद्य पदार्थ अस्वच्छ तरीके से बनाए और रखे जा रहे थे। जांच के दौरान 20 पैकेट एक्सपायर्ड दूध मिला, जिसे तुरंत नष्ट कराया गया। साथ ही खाने को ढकने के लिए अखबारी कागज का उपयोग किया जा रहा था, जिसे तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए।

अखबारी कागज पर सख्त रोक, सेहत के लिए बताया खतरनाक

विभाग ने स्पष्ट किया कि अखबारी कागज में खाना परोसना या पैक करना पूरी तरह गलत है। इसमें मौजूद केमिकल युक्त स्याही स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है और लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। दुकानदारों को बटर पेपर के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए हैं।

56 भोग चौपाटी में भी कार्रवाई, एक्सपायर्ड ड्रिंक्स जब्त

जांच के दौरान 56 भोग चौपाटी से 8 से 10 बोतल एक्सपायर्ड मॉकटेल भी बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट किया गया। संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में एक्सपायर्ड सामान का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए।

पूरे जिले में सख्ती, बिना लाइसेंस व्यापार पर चेतावनी

02 मई को टीम ने पोड़ी, पांडातराई और पंडरिया के होटल, बेकरी और स्वीट्स दुकानों की भी जांच की। सभी कारोबारियों को साफ सफाई रखने, हैंड ग्लव्स का उपयोग करने और बिना पंजीयन या लाइसेंस के व्यापार न करने की सख्त हिदायत दी गई।

ग्राहकों के लिए भी चेतावनी, जागरूक बनना जरूरी

विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे भी सतर्क रहें और खाद्य पदार्थ लेते समय उसकी पैकेजिंग और साफ सफाई पर ध्यान दें। अखबारी कागज में दिया गया खाना लेने से बचें और सुरक्षित विकल्प चुनें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *