धमतरी: नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए धमतरी पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो युवकों को हेरोइन के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन में नशीला पदार्थ, नगदी, कार और मोबाइल समेत करीब 2.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
बस स्टैंड के पीछे कार में चल रहा था सौदा, घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक सफेद स्विफ्ट कार में दो युवक नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।
तलाशी में मिला चिट्टा, नकदी और महंगे मोबाइल बरामद
कार्रवाई के दौरान तलाशी में आरोपियों के पास से 10.30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 47 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही 12 हजार रुपये नकद, एक स्विफ्ट कार, आईफोन 11 और वीवो Y31 मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
कमर रजा उम्र 28 वर्ष निवासी सदर बाजार धमतरी
मो शोएब अख्तर उम्र 26 वर्ष निवासी केला बाड़ी जिला दुर्ग
नशे की लत से बने सप्लायर, एक साल से कर रहे थे धंधा
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले खुद नशे के आदी थे। महंगे नशे की आदत ने उन्हें इस कदर जकड़ लिया कि खर्च पूरा करने के लिए वे खुद ही तस्करी में उतर गए। पिछले करीब एक साल से वे हेरोइन की सप्लाई कर रहे थे और उसी कमाई से अपनी लत पूरी करते थे।
पुलिस की नजर में थे आरोपी, सही मौके पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम पिछले एक महीने से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। आरोपी लगातार मोबाइल बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करते थे, लेकिन जैसे ही वे ग्राहकों की तलाश में निकले, पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
नशे के खिलाफ सख्त संदेश, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















