आकाशीय बिजली का कहर, खेत में काम कर रही मां-बेटी की दर्दनाक मौत

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। गुरुवार को बलरामपुर जिले में बिजली गिरने से एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

खेत में काम के दौरान हुआ हादसा

यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पतरापारा की है। जानकारी के अनुसार, मानती टेकाम (33) अपनी 14 वर्षीय बेटी विमला टेकाम के साथ खेत में काम कर रही थीं। दोपहर करीब 2:10 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई।

पेड़ के नीचे रुकना पड़ा भारी

बारिश से बचने के लिए मां और बेटी पास के एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आज भी भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए आज भी भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी, बेमेतरा और राजनांदगांव समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

सरगुजा संभाग में विशेष सतर्कता की सलाह

मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा संभाग के अंबिकापुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में दोपहर बाद तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या ऊंचे स्थानों पर खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर ही शरण लें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *