बिलासपुर : डीजल चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद छोड़ने का मामला सामने आने पर पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने कोनी थाना में पदस्थ एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर हुई थी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार कोनी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया था।
थाने से तीन आरोपियों को छोड़ने का आरोप
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पांच में से तीन आरोपियों बैसाखू, राजेश और राजू को थाने से छोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
एसएसपी ने लिया तत्काल एक्शन
वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर एएसआई उमेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया।
मामले की जांच जारी
पुलिस विभाग अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच के आधार पर यदि अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।



















