धमतरी: में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत सिहावा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऐसे अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है जो खुद को परिवार बताकर कार के जरिए गांजा की तस्करी कर रहा था।इस कार्रवाई में पुलिस ने 18 किलो 626 ग्राम गांजा, एक कार और मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
ओडिशा से महाराष्ट्र तक पहुंचाने की थी योजना
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सफेद रंग की होंडा अमेज कार में गांजा की बड़ी खेप ओडिशा के बोलनगिर और भवानीपटना क्षेत्र से महाराष्ट्र ले जाई जा रही है।सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत रणनीति बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
फॉरेस्ट नाके पर सटीक घेराबंदी, मौके पर पकड़ा गया वाहन
ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाके के पास पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे मौजूद मिले, जिससे वे एक सामान्य परिवार होने का दिखावा कर रहे थे।लेकिन तलाशी लेने पर पुलिस को कार की डिक्की से भूरे रंग के टेप में पैक किए गए 18 पैकेट मिले, जिनमें कुल 18 किलो 626 ग्राम गांजा भरा हुआ था।
बिना दस्तावेज के हो रहा था अवैध परिवहन, बड़ी संपत्ति जब्त
पूछताछ में आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। पूरी कार्रवाई में लगभग 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी पुलिस हिरासत से भागा और फिर दबोचा गया
इस मामले में पुलिस ने प्रवीण रविंद्र दुबे, सोनू प्रवीण खैरकार और पलाश गजभिए को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तारी के बाद चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इसके बाद पूरे जिले में नाकेबंदी कर विशेष टीमों को लगाया गया और दिनभर चली सघन तलाश के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
अंतर्राज्यीय नेटवर्क की गहराई से जांच जारी, कई खुलासों की संभावना
पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक छोटे गिरोह तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क हो सकता है। पूरे नेटवर्क की पहचान और कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच तेज कर दी गई है।पिछले छह सप्ताह में धमतरी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ सात बड़ी कार्रवाइयां कर इस तरह के अपराधों पर लगातार प्रभावी शिकंजा कसा है।



















