छत्तीसगढ़ में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, अब इस तारीख से मिलेगी राहत

रायपुर: छत्तीसगढ़ इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार दूसरे दिन पूरे प्रदेश में तेज धूप और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तपिश का असर शुरू हो जा रहा है और दोपहर होते-होते हालात बेहद परेशान करने वाले बन रहे हैं। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। हालांकि बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, लेकिन मध्य छत्तीसगढ़ में इसका असर 29 मई के बाद ही नजर आने के आसार हैं।

सुबह 10 बजे से शुरू हो रही तपिश, शाम तक चल रही लू

प्रदेश में गर्मी का असर सुबह 10 बजे के बाद तेजी से बढ़ रहा है। दोपहर 12 बजे के बाद लू चलने लग रही है, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि शाम 5 बजे के बाद ही गर्म हवाओं का असर कुछ कम हो रहा है।

दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

दुर्ग बना सबसे गर्म शहर, रायपुर भी तपिश से बेहाल

शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया। यहां पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राजधानी रायपुर में 44.2 डिग्री और बिलासपुर में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जगदलपुर में 42.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने बताया क्यों बढ़ रही गर्मी

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक अंदरूनी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा तक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तर पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है।

इन मौसमी परिस्थितियों के चलते फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले तीन दिनों में तापमान करीब दो डिग्री तक और बढ़ सकता है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यानी दिन के साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *