रिश्तेदार के घर गए थे प्रधान पाठक, लौटे तो टूटा मिला ताला, घर से लाखों के सोने-चांदी के गहने गायब

 रायगढ़ : छाल थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने एक प्रधान पाठक के घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के रिश्तेदार के यहां जाने का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दो दिन बाद लौटे तो बिखरा मिला पूरा घर

जानकारी के अनुसार ग्राम बोजिया निवासी बाबूलाल धिरहे (41), जो प्राथमिक शाला पुसल्दा में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं, 18 जुलाई की दोपहर अपने परिवार के साथ सक्ती जिले के टेमर स्थित रिश्तेदार के घर गए थे। घर पूरी तरह खाली था। 20 जुलाई की सुबह जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी।

सोने-चांदी के कीमती गहनों पर किया हाथ साफ

जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारी में रखे सोने का हार, कान की बालियां, लॉकेट, नथ, फुली, खिनवा तथा चांदी की तीन जोड़ी पायल चोरी कर ले गए। पीड़ित शिक्षक के अनुसार चोरी हुए जेवरों की कुल कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये है।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही बाबूलाल धिरहे ने छाल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *