बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी शिक्षिका को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
बेकाबू बोलेरो स्कूटी को रौंदते हुए मकान में घुसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा चांटीडीह स्थित गायत्री मंदिर के पास हुआ। तेज गति से आ रही मध्यप्रदेश पंजीयन की बोलेरो पहले सड़क किनारे खड़ी महिला से टकराई, फिर एक स्कूटी को अपनी चपेट में लेते हुए सड़क किनारे बने मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई।
डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार शिक्षिका की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
ड्यूटी पर जाने के लिए कर रही थीं वाहन का इंतजार
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल महिला एक शिक्षिका हैं। वह ड्यूटी पर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
वाहन जब्त, फरार चालक की तलाश जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



















